कासिमाबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के 5 चिकित्सकों का स्थानांतरण यहां से दूसरे स्वास्थ्य केंद्र पर हो गया है। चिकित्सकों के यहां से जाने के बाद उनके जगह पर किसी चिकित्सक की अब इस केंद्र पर चिकित्सकों का टोटा पड़ गया है। स्थानीय लोगों ने स्थानांतरण पर गए चिकित्सकों के रिक्त पदों पर जल्द नए चिकित्सकों की तैनाती की मांग की है।
कासिमाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रभारी चिकित्साधिकारी के साथ कुल पांच स्थायी चिकित्सक तैनात थे। यहां एक महिला और एक पुरुष चिकित्सक भी संविदा पर हैं। 27 मई को यहां के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनके सिंह का स्थानांतरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया के लिए किया गया। वह यहां से कार्य मुक्ति भी हो गए। इसके बाद यहां पर तैनात चार चिकित्सकों का स्थानांतरण अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों पर करते हुए तत्काल प्रभाव से यहां से कार्य मुक्त होकर अपनी जगहों पर पदभार ग्रहण कर चुके हैं। चिकित्सकों का यहां से स्थानांतरण किया गया है, उनमें एक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के रूप में डॉ. आरपी यादव जखनिया से आकर पदभार ग्रहण किया है। शेष यहां से गए चिकित्सकों की जगह पर किसी दूसरे चिकित्सकों की तैनाती नहीं की गई है। जबकि यहां पर प्रतिदिन 250 से लेकर 300 के लगभग मरीज ओपीडी में आते हैं। चिकित्सकों के स्थानांतरण पर जाने से अब ओपीडी प्रभावित हो रही है। क्षेत्र के गौरव सिंह, मनोज चौहान, वीरेंद्र कनौजिया, महेंद्र यादव ने सीएम का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सभी खाली जगहों पर नए चिकित्सकों की पोस्टिंग करने की मांग की है। नए प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. आरपी यादव ने बताया कि चार चिकित्सकों स्थानांतरण हो गया है। जल्द ही नए चिकित्सक तैनात होंगे।