खनन घोटाले में गायत्री प्रजापति जेल में हैं। एफआईआर में खुद सपा सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नाम दर्ज है। ये बातें शुक्रवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पत्रकारों से बातचीत में कही।
मीडियाकर्मियों की ओर से आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह के निलंबन पर उनसे सवाल पूछा गया था। गोमती रिवर फ्रंट के घोटाले का जिक्र करते हुए उन्होंने यह बात कहीं।
ओमप्रकाश राजभर बरेसर क्षेत्र के बरेली गांव पहुंचे थे। रविंद्र कुशवाहा के निधन पर उनके आवास पर पहुंचकर उन्होंने शोक संवेदना जताई। पत्रकारों ने बरेली के मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी के छावा फिल्म पर दिए गए बयान पर उनसे सवाल पूछे।
प्रतिक्रिया में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मौलाना कांग्रेस, सपा और बसपा को रहनुमा मानते हैं। अगर हिम्मत है तो सपा, बसपा और कांग्रेस से किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री बनाने की मांग करें।
मौलाना को बेमतलब के बयान छोड़कर शिक्षा, नौकरी और भाईचारे की बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे शासनकाल में शिक्षा को अनिवार्य नहीं बनाया, जिसका खामियाजा आज देश भुगत रहा है।