गाजीपुर। महामारी घोषित हो चुके कोरोना वायरस से बचाव के लिए जिले के सांसद अफजाल अंसारी भी आगे आए हैं। उन्होंने सांसद निधि से वायरस से संक्रमित लोगों के इलाज के लिए उपकरण खरीदने को 39 लाख 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है। इस संबंध में उन्होंने गाजीपुर के जिलाधिकारी को पत्र भी लिखा है। पत्र में खरीदे जाने वाले उपकरणों के नाम भी लिखे हैं।
सांसद अफजाल अंसारी ने गाजीपुर की जनता से अपील किया है कि कोरोना वायरस से लड़ाई में उनकी सहभागिता जरुरी है। वह घर में रहकर इस लड़ाई में अपना योगदान दे सकते हैं। साथ ही उन्होंने डब्ल्यूएचओ की गाइड लाइन मानने का भी आह्वान किया है। बार-बार हाथ धोते रहने और कुछ दिनों के लिए एक-दूसरे से दूरी बनाने की अपील की है। आसपास जिसमें भी कोरोना के लक्षण दिखें उसके बारे में स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने को कहा है। सांसद ने जिलाधिकारी को लिखे गए पत्र में इंफ्रारेड थर्मामीटर एव पांच वेंटिलेटर खरीदने के लिए धनराशि की संस्तुति की है। सांसद ने जिलाधिकारी से सभी सुविधाओं को जल्द उपलब्ध कराने को कहा है, जिससे कोरोना से संक्रमित लोगों का इलाज अच्छे से किया जा सके। साथ ही मरीजों का इलाज कर रहे डॉक्टर, नर्स और वार्ड ब्वाय से भी सुरक्षित रहने को कहा है। जिला अस्पताल के दस रूम को आइसोलेशन वार्ड को सेनेटाइज करने को भी कहा है। इसी वार्ड में खरीदकर आने वाले वेंटिलेटर रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस आपदा में वह जिले की जनता के लिए हमेशा खड़े हैं। वह उनकी हर जरूरतों को पूरा करने की कोशिश करेंगे। साथ ही सभी लोग मिलकर कोरोना से लड़ेंगे और जीत हासिल करेंगे।
0000 सांसद की आर्थिक मदद से खरीदे जाएंगे ये उपकरण 0000
1- 25 इंफ्रारेड थर्मामीटर, 200 पर्सनल सुरक्षा किट, पांच आईसीयू पोर्टेबल वेंटिलेटर, 1000 फेस मॉस्क, 100 सर्जिकल दस्ताने, 100 हैंड सैनेटाइजर तथा 1000 कोरोना टेस्टिंग किट है।