कासिमाबाद। थाना क्षेत्र के सहाबलपुर गांव के लोगों में बुधवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बेटा मां से जमीन के विवाद को लेकर शराब के नशे में हाईटेंशन विद्युत खंभा पर चढ़ गया। लोगों ने सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। पुलिस द्वारा अनुनय-विनय किए जाने पर तीन घंटा बाद युवक के खंभा से नीचे उतरने पर परिवार के साथ ही अन्य लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना की लोगों में चर्चा होती रही।
मालूम हो कि थाना क्षेत्र के सहाबलपुर गांव निवासी वीरा बिंद का पुत्र धर्मेंद्र (28) बुधवार की सुबह प्याज लगाने के लिए अपने खेत में गया था। खेत में उसकी मां से जमीन संबंधी विवाद हो गया। इस विवाद को लेकर धर्मेंद्र परेशान रहा। शाम को करीब चार बजे नशे की हालत में गांव के पूर्वी छोर पर स्थित हाईटेंशन विद्युत खंभा पर चढ़ गया। इस बात की जानकारी होते ही परिवार के लोग वहां पहुंच गए। कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर सैकड़ों लोग एकत्र हो गए। युवक से नीचे उतरने को कहने लगे, लेकिन वह किसी की नहीं सुन रहा था। उसका कहना था कि उसकी सगी मां हमेशा उसको प्रताड़ित करती है। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा अनुनय-विनय करने पर तीन घंटे बाद सात बजे युवक खंभा से नीचे उतरा। इसके बाद परिवार के साथ ही अन्य लोगों ने राहत की सांस ली। ढाई घंटा बाद विद्युत आपूर्ति सुचारू हुई। बताया जाता है कि धर्मेंद्र के पिता बीरा बिंद की दो शा दी है। धर्मेंद्र ने सगी मां से जमीन संबंधी विवाद को लेकर इस तरह का कदम उठाया। इस संबंध में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही वह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। समझा-बुझाकर युवक को खंभा से नीचे उतारा। परिजनों की तरफ से कोई तहरीर न मिलने से युवक के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई न करते हुए उसे दोबारा ऐसा न करने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया। उधर इस घटना की लोगों में चर्चा होती रही।