खानपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के बहुरा मड़ई गांव निवासी संविदा लाइनमैन धर्मेंद्र यादव की शनिवार सुबह 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन पर मरम्मत करने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने खानपुर विद्युत उपकेंद्र के पास बिहारीगंज-चंदवक मार्ग पर शव रखकर करीब दो घंटे तक चक्का जाम किया। उन्होंने विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, मृतक के परिजनों को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की।
मृतक के चचेरे भाई रजनीश यादव ने बताया कि बहुरा मड़ई गांव निवासी धर्मेंद्र यादव उर्फ वकील यादव (30) पुत्र रामअवध यादव विद्युत निगम में संविदा पर लाइनमैन थे। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे वह अहलादपुर गांव में 11 हजार वोल्ट की लाइन पर मरम्मत कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि कार्य शुरू करने से पहले शटडाउन लिया गया था, लेकिन बिना सूचना के शटडाउन वापस ले लिया गया, जिससे तार में अचानक करंट दौड़ गया।
रजनीश यादव ने बताया कि करंट लगने से धर्मेंद्र गंभीर रूप से झुलस गए और खंभे से नीचे गिर पड़े। साथी कर्मचारियों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खानपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। धर्मेंद्र की शादी वर्ष 2021 में हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी राधिका देवी, दो वर्षीय पुत्री श्रीयांशी और करीब 15 दिन के नवजात पुत्र श्रेयांश को छोड़ गए हैं। माता भगवानी देवी समेत परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने खानपुर विद्युत उपकेंद्र के पास बिहारीगंज-चंदवक मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक चले चक्का जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
सूचना पर उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, तहसीलदार हिमांशु सिंह, क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी, सैदपुर कोतवाल अनिल सिंह, भांवरकोल थाना प्रभारी बासुदेव प्रसाद, खानपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार पांडेय सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और शासन से मिलने वाली आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
15 दिन पहले ही बेटे का हुआ था जन्म
धर्मेंद्र यादव के घर 15 दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन शनिवार की घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। दो वर्षीय बेटी और 15 दिन के मासूम बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।
मृकर धर्मेंद्र यादव उर्फ वकील की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
मृकर धर्मेंद्र यादव उर्फ वकील की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
मृकर धर्मेंद्र यादव उर्फ वकील की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन