नोनहरा थानाक्षेत्र के बौरी पुलिया पर गुरुवार की सुबह तीन बाइक सवार लोगों ने मुहम्मदाबाद के एडीओ पंचायत की लाठी-डंडे से पिटाई कर घायल कर दिया। दस हजार रुपये और चेन भी छीन ले गए। उनका उपचार जिला अस्पताल में कराया गया। पीडि़त ने ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि सहित तीन के खिलाफ नामजद तहरीर देकर आरोप लगाया है कि पंचायत चुनाव के मद्देनजर आरोपी मतदाता सूची में फर्जी नाम अंकित करने का दबाव बना रहे थे।
कासिमाबाद थानाक्षेत्र के शेखनपुर बहराइच गांव निवासी केदारनाथ सिंह मुहम्मदाबाद ब्लाक में एडीओ पंचायत हैं। वह गुरुवार की सुबह बाइक से मुहम्मदाबाद आफिस आ रहे थे। बौरी पुलिया पर तीन बाइक सवार कुछ लोगों ने उन्हें रोककर लाठी-डंडे और राड से हमला किया और फरार हो गए। इसमें एडीओ पंचायत गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने केदारनाथ को जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी होते ही सीडीओ, एडीएम मुरलीधर मिश्र और अन्य अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और जानकारी हासिल की। एडीओ पंचायत ने थाने में मुहम्मदाबाद ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अवधेश राय, छत्तरपुर के ग्राम प्रधान पति अंबिका यादव तथा ग्राम विकास अधिकारी रामनरायन यादव के खिलाफ तहरीर दी। आरोप लगाया है कि ये लोग उनसे मतदाता सूची में फर्जी नाम अंकित करने का दबाव बनाते हुए धमकी दे रहे थे।
बुधवार को प्रमुख प्रतिनिधि ने मतदाता सूची मांगी थी, जिसे देने से उन्होंने इंकार कर दिया था। इसी को लेकर उनपर हमला किया गया। हमलावर 10 हजार रुपये, मोबाइल फोन और सोने की चेन भी छीन ले गए। सीओ वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।