एसडीएम ज्योति चौरसिया ने लिया मौके का जायजा
- फोटो : अमर उजाला
गाजीपुर जिले में 21 मार्च को प्रस्तावित ईद की नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। किसी भी प्रकार की विवादित स्थिति से बचने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुहवल गांव के उत्तर दिशा में स्थित स्वास्थ्य विभाग के प्रसूता केंद्र के लिए आवंटित जमीन को लेकर उत्पन्न विवाद के मद्देनजर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ज्योति चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने स्थल का निरीक्षण कर दोनों पक्षों से जानकारी ली और स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विवाद के पूर्ण निस्तारण तक उक्त जमीन पर किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य और नमाज अदा करने पर तत्काल प्रभाव से रोक रहेगी। यह निर्णय क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। एसडीएम ने बताया कि ईद की नमाज गांव की दोनों मस्जिदों में दो शिफ्ट में अदा कराई जाएगी, जिससे भीड़ नियंत्रण के साथ सामाजिक सौहार्द भी बना रहेगा। साथ ही थाना पुलिस को सुरक्षा के व्यापक और पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी भाजपा कार्यकर्ता शिवप्रकाश राय ने उक्त जमीन पर नमाज अदा किए जाने पर आपत्ति जताते हुए जिलाधिकारी से रोक लगाने की मांग की थी, जिसके बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की। मौके पर क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष भोलानाथ सरोज, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र राय, राजस्व निरीक्षक द्वारिका नाथ दूबे व रामराज, लेखपाल शिवप्रताप सहित भारी संख्या में पुलिस बल और ग्रामीण मौजूद रहे।
एसडीएम ज्योति चौरसिया ने कहा कि विवाद के समाधान तक यथास्थिति बनाए रखी जाएगी और नमाज केवल मस्जिदों में ही संपन्न कराई जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि ईद का त्योहार पूरी तरह शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो।