शारदीय नवरात्र मंगलवार से शुरू हो रहा है। इस पर्व के मद्देनजर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों की बाजारों में पूजन सामग्री की दूकानें सजा दी गई हैं।
नारियल, चुनरी सहित पर्व से संबंधित सामानों की लोगों की तरफ से खरीदारी शुरू कर दी गई है। रविवार को बंदी का दिन होने के बाद भी पूजन सामग्री की दूकानों पर सुबह से लेकर रात तक खरीदारों के पहुंचने का सिलसिला बना रहा। दूकानदारों ने पर्व पर खरीदारों की भीड़ में और इजाफा होने की संभावना जताई है।
इस पर्व पर श्रद्धालु घरों में कलश की स्थापना कर मां दुर्गा का विधिवत पूजन-अर्चन करते हैं। नौ दिन तक आराधना का क्रम बना रहता है, जिससे धार्मिक वातावरण बना रहता है।
शारदीय नवरात्र की शुरुआत इस वर्ष 13 अक्तूबर (मंगलवार) से हो रही है। इसको देखते हुए तीन दिन पहले ही शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों की बाजारों में स्थायी तथा अस्थायी पूजन सामग्री की दूकानें सजा दी गई हैं।
शहर के मिश्रबाजार, महुआबाग, लालदरवाजा, लंका, गोराबाजार, चीतनाथ, नखास, नवाबगंज, उर्दूबाजार, पंचरास्ता, सकलेनाबाद, मालगोदाम रौजा आदि क्षेत्रों में लगाई गई दूकानों पर रविवार को श्रद्धालुओं ने चुनरी, नारियल, चंदन, रोरी, हवन सामग्री सहित पूजा संबंधित अन्य सामानों की खरीदारी की।
साफ-सफाई के बाद घरों में नवरात्र के पहले दिन कलश की स्थापना की जाएगी और लगातार नौ दिनों तक पूजन-अर्चन का क्रम बना रहेगा। मुहम्मदाबाद, कासिमाबाद, भांवरकोल, करीमुद्दीनपुर, दुबिहा, ताजपुर डेहमा, दुल्लहपुर, सिधागरघाट, करंडा, नंदगंज, देवकली, सैदपुर, बिरनो, जंगीपुर, सादात, बहरियाबाद, शादियाबाद, भीमापार, खानपुर, भदौरा, जमानिया, दिलदारनगर, सुहवल सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों की बाजारों में भी खरीदारी का कार्य शुरू हो गया है।