कासिमाबाद। थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने रविवार को धर-दबोचा। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसका चालान कर दिया। बीते 20 सितंबर को थाना परिसर में समाधान दिवस पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह मौजूद थे। तभी सात-आठ महिलाएं एक युवती को लेकर आई और पुलिस अधीक्षक को अवगत कराते हुए बताया कि गांव का एक चार बच्चों का पिता ओझाई का काम करता है। उसने युवती के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। युवती पांच माह की गर्भवती है। गर्भवती होने के बाद युवती ने जब शादी का दवाब बनाया तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया और गर्भपात कराने का दबाव बना रहा है। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर आरोपी की तलाश में जुटी थी। इस संबंध में कोतवाल बलवान सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया।
किशोरी को लेकर भागा था युवक
कासिमाबाद। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक गांव के पड़ोस की रहने वाली एक किशोरी को बहला-फुसलाकर बीते 11 सितंबर को लेकर फरार हो गया था। इसमें पुलिस ने पीडि़त पक्ष की तहरीर पर 12 सितंबर को मुकदमा पंजीकृत किया था। रविवार को पुलिस टीम ने आरोपी को जहां गिरफ्तार कर लिया। वहीं किशोरी को बरामद करने के साथ मेडिकल परीक्षण कराने के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।