लेखपाल भर्ती परीक्षा-2015 रविवार को सकुशल संपन्न हो गई। कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा हो जाने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली। वहीं दो पालियों में संपन्न हुई परीक्षा में अनुपस्थित परीक्षार्थियों के बारे में देर शाम तक प्रशासन कुछ नहीं बता सका।
लेखपाल भर्ती परीक्षा के लिए जिले में 55370 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसके लिए शहर कोतवाली, जंगीपुर, नोनहरा और नंदगंज थाना क्षेत्र में कुल 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। दो पालियों में हुई परीक्षा के लिए प्रत्येक पाली में 27685 अभ्यर्थी निर्धारित थे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जिले में 9 जोन और 32 सेक्टर बनाए गए थे। परीक्षा देने के लिए अभ्यर्थियों के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने का सिलसिला सुबह से ही शुरु हो गया था।
बड़ी संख्या में अभ्यर्थी जहां स्वयं परीक्षा देने पहुंचे थे, वहीं कई अभ्यर्थी विशेषकर महिला परीक्षार्थी परिवार वालों के साथ परीक्षा देने पहुंची थी। निर्धारित समय पर कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा कराई गई।
जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल और पुलिस अधीक्षक आनंद कुलकर्णी के साथ ही सुपर जोनल मजिस्ट्रेटों मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय, अपर जिलाधिकारी मुरलीधर मिश्र, मुख्य राजस्व अधिकारी विद्याशंकर सिंह सहित कई अन्य अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा को सकुशल संपन्न करने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किए गए थे।
पुलिस के साथ ही पीएसी के जवान मुस्तैदी से डटे हुए थे। केन्द्रों के आसपास परीक्षा के चलते काफी गहमा-गहमी रही। लेखपाल भर्ती परीक्षा आज सकुशल संपन्न हो जाने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली। वहीं परीक्षार्थी भी अपने गंतव्यों को रवाना हो गए।