औड़िहार। वाराणसी एंटी करप्शन की टीम ने बृहस्पतिवार को दस हजार रुपये रिश्वत लेते हुए सैदपुर खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय में तैनात सम्प्रति लेखाकार (संविदा कर्मी) सुजीत कुमार को रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गैरहाजिरी से संबंधित फाइल के निस्तारण के एवज में पैसे ले रहा था। टीम सैदपुर कोतवाली लाकर विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
मलिकपुर यशवंत कुमार सिंह ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत करके बताया था कि गैरहाजिरी से संबंधित फाइल के निस्तारण के नाम पर लेखाकार रिश्वत मांग रहा है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वाराणसी एंटी करप्शन के निरीक्षक उमाशंकर यादव के नेतृत्व में निरीक्षक नीरज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह सहित 11 सदस्यीय टीम दोपहर 12.20 बजे खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय पहुंची। वहां शिकायतकर्ता से रिश्वत के नाम पर दस हजार रुपये लेते लेखाकार शहर कोतवाली क्षेत्र अतरौली निवासी सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई की जानकारी होते ही खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय में खलबली मच गई। टीम गिरफ्तार आरोपी लेखाकार को सीधे लेकर सैदपुर कोतवाली पहुंची और पूछताछ में जुट गई। साथ ही उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई। टीम प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सैदपुर कोतवाली में विधिक कार्रवाई चल रही है।
पहले हो चुकी कार्रवाई
18 अक्तूबरः वरासत के नाम पर दस हजार रुपये रिश्वत लेते हुए लेते हुए एंटी करप्शन की टीम ने लेखपाल प्रभाकर पांडेय को गिरफ्तार किया।
18 अक्तूबरःविजिलेंस विभाग की टीम ने सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) कौशल किशोर सिंह को ब्लॉक मुख्यालय पर पांच हजार रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
30 सितंबरःविजिलेंस विभाग की टीम ने चकबंदी अधिकारी गजाधर सिंह को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
कोई मांगे रिश्वत तो करें यहां शिकायत
विजिलेंस के निरीक्षक रवींद्र सिंह यादव ने बताया कि सतर्कता अधिष्ठान द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई कराई जाती है। यदि किसी लोक सेवक (राजपत्रित/ अराजपत्रित/अन्य) द्वारा सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग की जा रही हो तो 9454401866 पर शिकायत की जा सकती है।