गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के जैतपुरा गांव के सामने रविवार को दिन में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। बाइक सवार एक सफाई कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि हल्के रूप से घायल दूसरा बाइक सवार मौका पाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
मालूम हो कि नगर के गोराबाजार निवासी सफाई कर्मी फिरोज अहमद (45) बाइक से किसी काम के लिए चोचकपुर की तरफ गया था। वह वहां से वापस लौट रहा था। इसी दौरान गाजीपुर-करंडा मार्ग पर जैतपुरा गांव के सामने दिन में करीब दो बजे सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे फिरोज गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि हल्के रूप से घायल दूसरा बाइक सवार बाइक सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल से पूछने के बाद दुर्घटना की जानकारी उसके परिवार वालों को दी और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। कुछ ही देर में परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। उपचार के दौरान घायल की मौत हो गई। इसकी जानकारी होते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग चीख-पुकार करने लगे। मौके पर पहुंचे पास-पड़ोस के लोग बिलख रहे लोगों को सांत्वना देने में जुट गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मालूम हो कि मृतक फिरोज सादात में सफाई कर्मी के पद पर तैनात था। उसके दो पुत्र और एक पुत्री है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।