Ghazipur News: वर्ष 2023 में व्यापारी नेता अबू फखर खां ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शा अंसारी व अब्बास अंसारी समेत कई लोगों पर धमकी देकर जबरन जमीन हड़पने का आरोप था।
व्यापारी नेता अबू फखर खां की जमीन जबरन हड़पने और धमकी देने के मामले में सोमवार को माफिया मुख्तार अंसारी के बड़े बेटे मऊ सदर विधायक अब्बास अंसारी सीजेएम कोर्ट में पेश हुए। कोर्ट ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 24 सितंबर की तारीख तय कर दी। पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
विज्ञापन
अभियोजन के अनुसार, वर्ष 2023 में व्यापारी नेता अबू फखर खां ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शा अंसारी, साला आतिफ रजा, अनवर शहजाद और अब्बास अंसारी पर धमकी देकर जबरन जमीन हड़पने का आरोप था।
मुकदमे के अनुसार, अबू फखर खां का कहना था कि 2012 में जब मुख्तार अंसारी लखनऊ जेल में बंद था, उस समय मुख्तार ने मुझे लखनऊ जेल बुलाया था। रौजा स्थित जमीन को अपने परिजनों के नाम रजिस्ट्री करने के लिए धमकाया था। धमकी से डर कर उस जमीन को अब्बास अंसारी के नाम रजिस्ट्री कर दी और बाद में रजिस्ट्री के एवज में दिया गया पैसा ब्लैंक चेक के माध्यम से वापस ले लिया गया। इस मामले में कोर्ट ने अब्बास अंसारी को तलब किया था।