नंदगंज थाना क्षेत्र के कुसुम्हीं कला बंधवा गांव के पास रविवार की रात रेलवे ट्रैक में गई भैंस को बचाने के चक्कर में ट्रेन से कटकर युवक की मौत हो गई। कुसुम्हीं कला गांव निवासी समुंदर यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि छोटा भाई धनेश्वर यादव (35) छठ महापर्व पर सामाग्री खरीदने के बाद घर आया और खाना- खाने के बाद कुछ दूरी पर स्थित डेरा पर सोने चला गया।
देर रात डेरे पर बंधी भैंस खूंटा तोड़कर रेलवे ट्रैक के तरफ चली गई। उसे बचाने के चक्कर में धनेश्वर ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी कटकर मौत हो गई। मृतक चार भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसकी तीन पुत्रियां व एक पुत्र है।
मां अशरफी देवी, पत्नी रीता सहित परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि बड़े भाई समुंदर यादव ने तहरीर दी कि उसके छोटे भाई की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।