नंदगंज। थाना क्षेत्र के रठौली सराय गांव में खाने-पीने के दौरान शराब के नशे में दबंग युवकों ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। उपचार के लिए उसे वाराणसी ले जाया गया। घायल की मां की तहरीर पर तीन के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई।
क्षेत्र के रठौली सराय गांव निवासी अमरजीत बिंद (22) को रविवार की रात करीब आठ बजे खाने-पीने के दौरान किसी बात को लेकर दबंग युवकों ने तमंचा से गोली मारकर घायल कर दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर घायल के परिजनों के साथ ही अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। घायल को आनन-फानन में जिला अस्पताल लाए। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा होती रही। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि रठौली गांव में रात में खाने-पीने के दौरान शराब के नशे में धुत युवकों किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान चली गोली से अमरजीत घायल हो गया। उसे वाराणसी ले जाया गया है। बताया कि घायल की मां की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस के फंदे में होंगे।