गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन के तहत रविवार को छठे दिन जिले के सभी छह मूल्यांकन केंद्रों पर एक लाख 10 हजार 47 कापियों का मूल्यांकन किया गया। जिले में अब तक छह लाख 63 हजार 20 कॉपियां जांची जा चुकी है। कई केंद्रों पर कुछ विषयों का मूल्यांकन कार्य पूर्ण हो चुका है।
जिले में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए विभागीय अधिकारियों की बेचैनी बढ़ गई है और वे मूल्यांकन की गति को तेज करने में जुट गए हैं। उधर कोरोना के मरीज बढ़ने का प्रभाव अब परीक्षकों की उपस्थिति पर भी पड़ने लगा है। जिले में मूल्यांकन के छठे दिन अष्ट शहीद इंटर कालेज मुहम्मदाबाद केंद्र पर 10 हजार 886, राजकीय बालिका इंटर कालेज केंद्र पर 18 हजार 515, राजकीय सिटी इंटर कालेज केंद्र पर 24 हजार 950 कॉपियों का मूल्यांकन हुआ। शिवपूजन इंटर कालेज मलसा केंद्र पर 33 हजार 232 कापी, बापू इंटर कालेज सादात केंद्र पर 15 हजार 661 और शहीद स्मारक इंटर कालेज नंदगंज स्थित केंद्र पर छह हजार 803 कापियों का मूल्यांकन किया गया। बापू इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र पर इंटर भूगोल विषय की कॉपी का मूल्यांकन पूर्ण हो चुका है। पर्यवेक्षक रामअवतार यादव ने बताया कि यहां अब 8761 कॉपियां जांचने के लिए शेष रह गई है जो अगले दो दिन में जांच दी जाएगी। शहीद स्मारक इटर कालेज नंदगंज के उप नियंत्रक उदयराज ने बताया कि सामाजिक विज्ञान और वाणिज्य की कापियों का मूल्यांकन पूर्ण हो गया है। सोमवार 18 मई से हिंदी की कापियों का मूल्यांकन शुरू होगा। राजकीय बालिका इंटर कालेज केंद्र की उप नियंत्रक सुुधा सिंह ने बताया कि यहां पर समाजशास्त्र विषय की कॉपियों का मूल्यांकन रविवार को पूूूूर्ण हो गया है।