सिधागरघाट। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदपुर कुसुम गांव निवासी बाइक सवार अभिषेक मिश्रा उर्फ टुनटुन (23) की मऊ जनपद के घोसी बाजार में ट्रक की चपेट में आने से रविवार की रात मौत हो गई। वह अपने साथी को गोरखपुर से टीजीटी की परीक्षा दिलवाकर वापस घर लौट रहे थे। इधर, सोमवार को शोक में महड़ौर की बाजार बंद रही।
मुहम्मदपुर कुसुम शुभम मिश्रा ने बताया कि बड़े भाई अभिषेक मिश्रा उर्फ टुनटुन मित्र रिजवान अंसारी को टीजीटी की परीक्षा दिलवाले बाइक से गोरखपुर लेकर गए थे। वहां से दोनों लोग घर वापस आ रहे थे। रात करीब आठ बजे घोसी बाजार में अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बड़े भाई अभिषेक मिश्रा के सिर में गंभीर चोट आई।
इनको निजी एंबुलेंस द्वारा मऊ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन बीच रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। जानकारी होते ही परिजन रोने- बिलखने लगे। परिजन क्षेत्र में चारों तरफ शोक की लहर दौड़ गई।