सादात/भीमापार। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के हिरावन पुल के पास शुक्रवार को बोलेरो और बाइक की भिड़त में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही परिजनों की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सादात नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात निवासी हेमंत गुप्ता (35) स्थानीय बाजार में ब्याज पर दिए गए पैसे को वसूलने आया था। वहां से पैसा वसूलने के बाद वह बाइक से सैदपुर जा रहा था। हिरावनपुल के पास सैदपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो से आमने-सामने भिड़त हो गई। जब-तक राहगीर घटना स्थल पर पहुंचते चालक बोलेरो लेकर फरार हो गया। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि युवक कई दिनों पूर्व सादात में नहीं रह रहा था। वह अपने परिवार के साथ सैदपुर में ही रहता था। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी रोते-बिलखते कोतवाली पहुंच गई। कोतवाली पहुंचे मृतक के छोटे भाई ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाल चंद्र भूषण मौर्या ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई।