गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गोराबाजार हनुमान मंदिर के पास सड़क किनारे झोपड़ी में एक युवक ने शुक्रवार को फंदे पर लटककर जान दे दी। युवक लकवा बीमारी से लंबे समय से पीड़ित चल रहा था। घर की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की तलाश में जुटी है।
गोरा बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास सड़क किनारे झोपड़ी डालकर विजय यादव (45) भाइयों के साथ रहते थे। विजय यादव की शादी नहीं हुई थी। कुछ दिनों से वह लकवा जैसी गंभीर बीमारी में पीड़ित थे। उनका उपचार चल रहा था। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिवार के लोग सुबह अपने-अपने काम पर गए थे।
इधर विजय ने झाेपड़ी में लगे बांस के सहारे फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों की नजर जब झोपड़ी में लटके युवक पर पड़ी तो शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए। मोहल्लेवासियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में ले लिया।
इधर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल के आसपास साक्ष्य एकत्र करने में जुटी रही। परिजनों ने बताया कि चार भाइयों में दूसरे नंबर पर विजय प्राइवेट कंपनी में सुरक्षा गार्ड का काम करता था। कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारणों की तलाश की जा रही है।