मौधा/औड़िहार। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के गोरखपुर वाराणसी फोरलेन पर मंगलवार दोपहर जौहरगंज के पास ट्रेलर ने शव लेकर जिला मुख्यालय आ रही भुड़कुड़ा पुलिस की गाड़ी में टक्कर मार दी, इसमें चार पुलिस कर्मी घायल हो गए। इनमें दो को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने चालक और ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के डिहवा गांव निवासी संजय कुमार की पत्नी सीता (32) की उपचार के दौरान सोमवार की शाम मौत हो गई। परिवार के लोग शव लेकर घर चले गए। आरोप है कि दोपहर में ससुराल पक्ष के लोग सीता का शव लेकर सैदपुर के जौहरगंज श्मशान घाट पहुंचे।
मृतका के मायके पक्ष को जब जानकारी मिली तो उन्होंने भुड़कुड़ा थाने में शिकायत की और पोस्टमार्टम की मांग की। मृतका की बहन गिरिजा और बेटे अजय आरोप लगा रहे थे कि मारपीट में सीता की रीढ़ की हड्डी टूट गई थी, जिससे उसकी मौत हुई है। पुलिस श्मशान घाट पहुंची। दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति थी। सीओ भुडकुड़ा सुधारक पांडेय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए निकली थी। गाड़ी में पुलिसकर्मी श्रीधर यादव, प्रशांत कुमार, अमित कुशवाहा और अजय कुमार थे। जौहरगंज के पास मोड़ पर गोरखपुर की तरफ से वाराणसी की ओर जा रहे ट्रेलर ने पुलिस की गाड़ी में टक्कर मार दी। सभी चारों पुलिस कर्मी घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर पहुंचाया गया।
जहां घायलों का प्राथमिक उपचार होने के बाद श्रीधर यादव और प्रशांत कुमार को बीएचयू ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। ट्रेलर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।