करेंट का झटका लगते ही ट्रैक्टर से कूदा चालक
- फोटो : अमर उजाला
गहमर थाना क्षेत्र के देवकली गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास रविवार की देर शाम हाईटेंशन तार की जद में आने से भूसा तैयार करने वाली ट्रैक्टर-ट्राली आग का गोला बन गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक ने किसी तरह से कूदकर अपनी जान बचाई। आपूर्ति बंद कराने के बाद ग्रामीणों ने आग को बुझाया।
मनिया गांव निवासी नियाज खां का भूसा तैयार करने वाला ट्रैक्टर ट्राली है। आज चालक मुन्ना बनवासी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर देवकली गांव गया था। देर शाम करीब सात बजे देवकली गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास काफी नीचे लटका हाईटेंशन का तार ट्रैक्टर की जमीन से करीब 14 फीट की ऊंचाई वाली ट्राली सट गई।
इससे ट्रैक्टर में करेंट उतर गया। झटका लगते ही चालक ट्रैक्टर से जैसे ही कूदा, ट्रैक्टर आग का गोला बन गया और आग की तेज लपटें उठने लगे। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक्टर की डीजल की टंकी फट न जाए, इस भयवश ग्रामीण काफी दूर खड़े रहे।
ग्राम प्रधान कमलेश कुशवाहा ने आग की जानकारी विद्युत उपकेंद्र को देकर आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद ग्रामीणों ने आनन-फानन में आग पर किसी तरह से काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रैक्टर जलकर पूरी तरह से नष्ट हो गया। घटना को लेकर लोगों में चर्चा होती रही।
लोगों की चर्चाओं में यह बात प्रमुखता से शामिल थी कि अगर तत्काल चालक ट्रैक्टर से नहीं कूदता तो बड़ी दुर्घटना हो गई होती।