गाजीपुर। शहर के लोगों के सपने अब साकार होने वाले हैं। वाहनों की पार्किंग की समस्या जिले में जल्द ही समाप्त हो जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत प्रस्ताव तैयार किया है। मंजूरी के लिए शासन को भेजा गया है। इसमें लंका में तीन मंजिला मल्टी लेवल पार्किंग, जिसमें ईवी का चार्चिंग स्टेशन भी होगा और कलेक्टर घाट का सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा।
शहर में पार्किंग की सबसे बड़ी समस्या है। हजारों की संख्या में बाइक, चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा, बस आदि आती हैं। इनमें जो जहां जगह पाता है वहीं वाहन खड़ कर देता है। इससे जाम लगता है। सिकुड़ती जा रही सड़कों के कारण यह समस्या और बढ़ गई है।
इसे देखते हुए एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने बीते दिनों शहर के अंदर की सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी शासन को भेजा है। इधर, अब नगर पालिका प्रशासन ने मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत नौ करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है, जिसमें चार करोड़ रुपये से लंका में मल्टी लेवल पार्किंग और पांच करोड़ रुपये से कलेक्टर घाट का सुंदरीकरण शामिल है।
500 स्वायर मीटर में मल्टी लेवल पार्किंग, ईवी स्टेशन भी
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक लंका में नगर पालिका की भूमि पर 500 स्वायर मीटर में तीन मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की योजना है। यहां इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन भी बनेगा। निगरानी करने के लिए एक ऑपरेटर और सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे। बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव रखते हुए बाइक और चार पहिया वाहनों के खड़े करने का किराया भी तय किया जाएगा। इसके लिए चार करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
कलेक्टर घाट पर होगा सुंदरीकरण
कलेक्टर घाट के सुंदरीकरण के लिए पांच करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। यहां एक हजार स्वायर मीटर में सुंदरीकरण कराने की योजना है। जहां 200 लोगों के बैठने की व्यवस्था, शौचालय, चेंजिंग रूम, प्रकाश, पीने योग्य जल स्टेशन, ग्रीनरी, रेलिंग, पाथ-वे आदि शामिल है।
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत प्रस्ताव तैयार किया गया है। लंका में मल्टी लेवल पार्किंग और कलेक्टर घाट का सुंदरीकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे हाल में शासन को मंजूरी के लिए भेजा गया है। - अमिता वरुण, ईओ नगर पालिका