सुहवल। थाना क्षेत्र के बेमुआ गांव निवासी एवं चीनी मिल से सेवानिवृत्त कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। गांव के पोखरे के पास नगसर मार्ग पर पीछे से तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। पुत्र की तहरीर पर पुलिस अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर छानबीन शुरू कर दी।
बेमुआ गांव निवासी गणेश गुप्ता ने बताया कि गांव के ही एक युवक के द्वारा बाइक से टक्कर मारने से चीनी मिल से सेवानिवृत्त कर्मचारी राधेश्याम साहव (65) की मौत हो गई। मृतक के छोटे पुत्र गणेश गुप्ता ने बताया कि पिता चीनी मिल में सुपरवाइजर पद से सेवानिवृत्त हो चुके थे। वह दो भाइयों में सबसे बड़े थे और सेवानिवृत्ति के बाद गांव की चट्टी पर एक छोटी दुकान चलाते थे, जिसमें परिवार उनका सहयोग करता था। पिता शौच के लिए गए थे और पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के पोखरे के पास नगसर मार्ग पर पीछे से तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें तत्काल वाहन से मेडिकल अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान सोमवार भोर मौत हो गई। सुहवल थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पुत्र की तहरीर पर बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।