सैदपुर। नगर पंचायत के सभागार में सोमवार को बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए कुल 21 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पास किया गया। कूड़ा एकत्रीकरण, स्वकर पर ब्याज, रोड कटिंग, नकल आदि के चार्ज में वृद्धि का प्रस्ताव नगर पंचायत द्वारा रखा गया, जिसे बोर्ड ने सहमति नहीं प्रदान की।
सभासदों ने पूर्व में खरीद किए गए सामान और उपयोग हुए सामान का विवरण मांगा। गर्मी को देखते हुए नगर में लगे वाटर कूलर की मरम्मत पर चर्चा हुई और सहमति प्रदान की। विद्युत सामग्री, कंप्यूटर सेट, फोटोकापी मशीन और स्टेशनरी खरीदने का प्रस्ताव पास हुआ। नगर में जहां-जहां भी जलनिकासी की समस्या है, उसकी व्यवस्था के लिए कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाने का निर्णय लिया गया।
ईओ संतोष मिश्र ने नगर पंचायत का वार्षिक आय 11 करोड़ 32 लाख 63 हजार रुपये का आय बताया जिसके सापेक्ष 10 करोड़ 35 लाख 75 हजार रुपये का निर्माण कार्य, खरीदारी वेतन आदि का प्रस्ताव पास हुआ। बैठक में चेयरमैन सरिता सोनकर, सभासद हिमांशु सोनी, गणपत, ज्ञानेश पांडेय, बृजेश जायसवाल, मोहसिन खां, सुनील यादव, दिनेश वर्मा, रामदुलार, राजेश सोनकर, चंदन कुमार आदि उपस्थित थे।