सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के ताड़ीघाट बारा मुख्य मार्ग पर करहिया ईंट भट्ठे के पास एक पिकअप ने मंगलवार को बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सतरामगंज बाजार निवासी आशीष कुमार राय (25) बाइक से गहमर की तरफ से भदौरा की ओर जा रहे थे। करहिया ईंट भट्ठे के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आशीष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। गहमर की तरफ से आ रहे एक सब्जी लदे टेंपो के चालक ने घायल आशीष को अपने टेंपो में बैठाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा पहुंचाया। भदौरा में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद आशीष की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।