गाजीपुर। मदरसा शिक्षा परिषद की सेकेंड्री एवं सीनियर सेकेंड्री की बोर्ड परीक्षा सोमवार से शुरु हो गई। पहले दिन दोनों पाली में 594 परीक्षार्थी अनुपस्थित थे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित सचल दलों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा का जायजा लिया। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सचिदानंद तिवारी ने बताया कि परिषद की सेकेंड्री एवं सीनियर सेकेंड्री की दीनियात की परीक्षा में दोनों पाली में 2007 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें 1413 उपस्थित थे जबकि 594 ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में सेकेंड्री की परीक्षा में 1546 परीक्षार्थियों को बैठना था लेकिन 1065 उपस्थित तथा 481 अनुपस्थित थे।
दूसरी पाली में सीनियर सेकेंड्री में 461 में 113 उपस्थित नहीं थे, जबकि 348 ने परीक्षा दी। बताया कि उन्होंने दोनों पाली में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के 5 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा सुचारू एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होते पाई। इसके अलावा जिला समाज कल्याण अधिकारी रामनगीना यादव एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने भी केंद्रों का निरीक्षण किया। सीसीटीवी की निगरानी में आयोजित परीक्षा में हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की गई है।