मरदह। थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बे में मंगलवार की दोपहर एक मजदूर मृत अवस्था में कमरे में फंदे से लटकता मिला। आत्महत्या के पीछे पुलिस पारिवारिक कलह को कारण मान रही है। थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि मरदह गांव निवासी सतीश पासवान (35) मजदूरी कर परिवार का जीविकाेपार्जन करता था। दोपहर में सतीश और उसकी पत्नी वंदना से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
विवाद के बाद मजदूर घर के बगल में स्थित बिना दरवाजे वाले टिनशेड के कमरे में चला गया। वहां उसने छत की बल्ली के सहारे साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर लिया। जब एक ग्रामीण की नजर कमरे के अंदर लटकते शव पर पड़ी, तो उसके शोर मचाने पर घटना की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने बताया कि सतीश अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। मृतक पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। वह पत्नी और पुत्रियों के साथ अलग रहता था। थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि मृतक के भाई बहादुर पासवान की तहरीर पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है।