थाना क्षेत्र के शादी-भादी के पास वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर बृहस्पतिवार को सुबह पत्नी को बस पर बैठाकर पैदल लौट रहे पति को कार सवार ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही कार और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
शादी-भादी निवासी जय सिंह (65) अपनी पत्नी शीला सिंह सैदपुर बाजार जा रही थी। उनको बस पर बैठाने के लिए जय सिंह सड़क पर आए थे। वह पत्नी को बस पर बैठाकर सुबह 11 बजे पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के कारण मौके पर ही जय सिंह की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंचे और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर लेकर गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने जय सिंह को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि जय सिंह अपने परिवार संग बाहर रहते थे। कुछ दिन पूर्व कुछ जरूरी कार्यवश वह परिवार समेत गांव आए थे। थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आरोपी चालक और कार को कब्जे में ले लिया गया है।