नौगढ़। थाना क्षेत्र के कस्बा में बुधवार की सुबह पानी गर्म करने वाली रॉड में करंट उतरने से कक्षा चार की छात्रा लकी (10) की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी हासिल की। शव का पंचनामा कर उसे परिवार वालों को सुपुर्द कर दिया।
सोनभद्र जिले के रिजुल घोरावल की रहने वाली लकी (10) नौगढ़ कस्बा स्थित अपने नाना राजनारायण पांडेय के यहां रहकर पढ़ाई करती थी। वह कक्षा चार की छात्रा थी। बुधवार की सुबह उसके नाना और मामा किसी जरूरी काम से बाहर गए हुए थे। घर में लकी और उसकी नानी अकेली थीं। नानी पूजा कर रही थी। उन्होंने पानी गर्म करने के लिए इमर्शन रॉड लगा दिया था। इसी दौरान लकी नहाने के लिए पानी ले गई और उसने अनजाने में इमर्शन रॉड को छू दिया। इससे वह करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गई। घटना की जानकारी होने के बाद नानी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़कर आये और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. अवधेश पटेल ने जांच के बाद लकी को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। नौगढ़ थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि दस वर्षीय बालिका की मौत करंट लगने से हुई है। शव को पंचनामा कर परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है।