गाजीपुर। भांवरकोल थानाक्षेत्र के पांडेय का पुरा गांव में सोमवार को दोपहर में तेज आवाज के साथ गिरी बिजली की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। वह धान की रोपाई के लिए खेत तैयार करने के साथ मेड़ बाध रहे थे।
पांडेय का पुरा गांव निवासी शैलेंद्र कुमार राजभर (20) दोपहर एक बजे धान की रोपाई के लिए खेत तैयार कर रहे थे। साथ ही मेड़ बाध रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश के साथ आवाज के साथ बिजली गिरी।
इसकी चपेट में आकर किसान शैलेंद्र कुमार राजभर गंभीर रूप से झुलसकर अचेत होकर मेड़ पर गिर पड़े। यह देख ग्रामीण और किसान खेत के तरफ दौड़ पड़े और उन्हें उठाकर उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
शव घर पहुंचते ही परिवार के लोग रोने- बिलखने लगे। आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ मृतक के दरवाजे पर जुट गई। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।