दिलदारनगर। शराब की तस्कर अक्सर तस्करी का तरीका बदलते रहते हैं। पुलिस को शक न हो पाए, इसके लिए इन दिनों ट्रैक्टर ट्रॉली के अंदर ईंटों के बीच शराब की पेटियों को भरकर तस्करी करने बिहार तक जा रहे हैं।
नगसर हाॅल्ट थानाक्षेत्र के असांव गांव के पास से पुलिस ने रविवार को ईंट लदे 4.50 लाख रुपये की शराब बरामद की है। साथ ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
तस्कर ट्रैक्टर ट्रॉली के अंदर 4.50 लाख रुपये की शराब पेटी में भरकर रखे थे। ऊपर से तिरपाल से ढकने के बाद बगल से ईंटों को ट्रॉली में भरकर ले जा रहे थे।
नगसर हाॅल्ट थाने की पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान असांव रोड के पास मुखबिर की सूचना पर चार शराब तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
दो ट्रैक्टर लदे ट्रॉली पर ईंटो के बीच से 10 पेटी बियर, 20 पेटी देसी शराब, 55 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये हैं। शराब को तस्कर ट्रॉली में छिपाकर रखे थे।
पूछताछ में उन्होंने अपना नाम रेवतीपुर थानाक्षेत्र के नौली निवासी हरिराम, असांव गांव निवासी कृष्ण कुमार राय उर्फ डब्लू राय, झारखंड जनपद लोहदरा थाना के लोहदरा निवासी छोटू बोंगा और जमानिया कोतवाली के सोनहरिया गांव निवासी नरायण राम बताया।
जबकि फरार चंदन राय उर्फ भुल्लन निवासी सोनहरिया को पुलिस तलाश में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष अभिराज सरोज ने बताया कि असांव गांव के पास मार्ग पर वाहनों की चेकिंग करते समय शराब बरामद हुई है। दोनों ट्रैक्टर-ट्राॅली को सीजकर छानबीन की जा रही है।