हरदासपुर गांव में घटना स्थल पर लोगों से जानकारी लेते एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर। संवाद
दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के हरदासपुर गांव के पास बने कटरे के बरामदे में चाैकी पर सो रहे किसान रामबचन ठाकुर (58) के चेहरे व सिर पर धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी। किसान के सिर, ललाट, चेहरे और आंख पर कई निशान थे। दीवारों पर खून के छीटे पड़े थे। बेटे ने गांव के ही पांच लोगों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस ने तीन संदिग्धों को उठाकर पूछताछ कर रही है। करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि नेवादा गांव निवासी चंदन ठाकुर ने तहरीर देकर बताया कि रामबचन ठाकुर हरदासपुर गांव स्थित कटरे में रहकर खेती काम देखते थे। रात मेें प्रतिदिन की तरह घर से भोजन आने के बाद खाकर कटरे के बरामदे में चौकी पर सो रहे थे। सुबह करीब छह बजे गांव के ग्रामीण टहलने के निकले तो कटरे के पास खून देखकर शोर मचाने लगे।
फिर गांव के लोग पहुंचे तो चौकी पर खून से लथपथ पिता रामबचन मृत पड़े हुए हैं। सिर से लेकर चेहरे पर धारदार हथियार के कई निशान थे और खून के छींटे आसपास के दीवारों पर पड़े थे। बेटे चंदन ठाकुर ने आरोप लगाया कि नेवादा गांव निवासी लक्ष्मीनारायण राय ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिता रामबचन ठाकुर की हत्या की है। इन सभी का आपराधिक इतिहास रहा है। यह सभी आरोपी पिता को जान से मारने की धमकी भी देते थे। करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र चंदन ठाकुर की तहरीर पर लक्ष्मीनारायण राय, शक्ति नारायण राय, लक्की राय, गुड्डू राजभर, बिट्टू पांडेय के खिलाफ नामजद और अन्य अज्ञात पर प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।
मृतक के पुत्र से हुई थी मारपीट
दुबिहा। ग्रामीणों व पट्टीदारों ने बताया कि मृतक रामबचन ठाकुर का पुत्र बृजेश ठाकुर लठ्ठूडीह एक विद्यालय में पढ़ता था। करीब तीन वर्ष पूर्व आरोपियों ने किसी बात को लेकर मारपीट दिया था। बृजेश ने घर पर आकर घटना की जानकारी दी थी। बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व रामबचन ठाकुर और आरोपियों के बीच मारपीट को लेकर कहासुनी हुई थी। संवाद
चौकी से सिर्फ 500 मीटर दूर हुई हत्या
दुबिहा। ग्रामीणों ने बताया कि घटना स्थल से असावर पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर लठ्ठूडीह- रसड़ा मार्ग के किनारे स्थित है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर चर्चा बनी हुई है कि अगर पुलिस रात में गश्त करती तो शायद इस तरह की घटना नहीं होती। मृतक के बड़े पुत्र की तहरीर पर पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। - अतुल कुमार सोनकर, एएसपी ग्रामीण