कोतवाली क्षेत्र के कुत्तुबपुर स्थित रविदास मंदिर के पास कासिमाबाद-मऊ मार्ग पर रविवार की सुबह नौ बजे तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार एक बालक की मौत हो गई। वह कोचिंग पढ़कर घर जा रहा था। हादसे के बाद आरोपी चालक बाइक छोड़कर भाग गया।
बलिया जनपद के रसड़ा कोतवाली के टीका दवरी गांव निवासी आशा देवी ने बताया कि बेटा राजा बाबू (12) पति हरेंद्र राम के निधन के बाद अपने मौसा सुरेंद्र राम निवासी कुत्तुबपुर के यहां अपनी बहन निशा के साथ रहकर पढ़ाई करता था। सुबह करीब सात बजे कुत्तुबपुर चट्टी पर साइकिल से कोचिंग पढ़ने गया था। सुबह 9 बजे कासिमाबाद- मऊ मार्ग स्थित रविदास मंदिर के पास उसकी साइकिल में बाइक ने टक्कर मार दी। ग्रामीण घायल राजा बाबू को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौसा सुरेंद्र राम ने मामले की तहरीर देकर बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस तहरीर के आधार पर बाइक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश में जुट गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।