भांवरकोल। स्थानीय थाना क्षेत्र की पाताल गंगा सब्जी मंडी के पास बुधवार की शाम पैसा न देने पर सड़क पर लेट गए सब्जी व्यापारी धनंजय चौरसिया (45) को डीसीएम चालक ने कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई।
उधर, घटना के बाद डीसीएम लेकर चालक भाग गया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों और व्यापारियों ने शाम 6.30 बजे से गाजीपुर-भरौली मार्ग जाम कर दिया। शाम 8 बजे थानाध्यक्ष के समझाने पर जाम समाप्त हुआ।
थानाध्यक्ष संतोष राय ने बताया कि सब्जी व्यापारियों और ग्रामीणों ने बताया कि बढ़नपुर गांव निवासी धनंजय चौरसिया व उसका भाई कृष्णा चौरसिया सब्जी का व्यापार करते है। दोनों भाई पाताल गंगा सब्जी मंडी में दुकान पर क्षेत्र से सब्जी लाने वाले किसानों से खरीदकर बाहर दूसरे प्रांतों में भेजने काम करते हैं। भाई कृष्णा चौरसिया ने बताया कि बंगाल नंबर के डीसीएम पर मिर्चा लदवाकर चालक से पैसे की मांग करने लगे, जबकि चालक डीसीएम को आगे बढ़ाने लगा।
ऐसे बड़े भाई धनंजय चौरसिया पैसे की मांग को लेकर सड़क के बीचों बीच लेट गया। डीसीएम चालक ने धनंजय के ऊपर वाहन चढ़ाते हुए आगे बढ़ गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उपचार के लिए मुहम्मदाबाद सीएचसी पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने धनंजय को मृत घोषित कर दिया।
आक्रोशित ग्रामीणों और व्यापारियों ने शाम 6.30 बजे गाजीपुर-भांवरकोल- भरौली मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस के समझाने बुझाने पर शाम करीब शाम आठ बजे जाम समाप्त हो गया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों की ओर तहरीर पर आगे की कार्रवाई होगी।