हसनपुर डगरा गांव क्षतिग्रस्त हुआ देवकली पंप नहर पर बना पैदल पुल। स्रोत- ग्रामीण
सैदपुर। बारिश ने सैदपुर क्षेत्र में विकास कार्यों की हकीकत उजागर कर दी है। देवकली पंप नहर पर हसनपुर डगरा गांव के पास बना करीब 70 वर्ष पुराना पैदल पुल शनिवार रात बारिश के दौरान भरभराकर आंशिक रूप से ढह गया। गनीमत रही कि घटना के समय पुल पर कोई नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पुल टूटने से करीब 300 ग्रामीणों का सीधा संपर्क टूट गया है और अब लोगों को करीब 400 मीटर अतिरिक्त दूरी तय कर दूसरे रास्ते से आना-जाना पड़ रहा है।
हसनपुर गांव के प्रधान अश्वनी मौर्या ने बताया कि पुल कई वर्षों से जर्जर अवस्था में था। इसकी मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग कई बार संबंधित विभाग से की गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। स्थानीय किराना व्यवसायी चंदन जायसवाल ने बताया कि पुल शनिवार रात करीब आठ बजे ही क्षतिग्रस्त होकर गिर गया था, लेकिन दो दिन बीतने के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने नहीं पहुंचा। देवकली पंप कैनाल के अधिशासी अभियंता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि पैदल पुल था, जिसका एक हिस्सा गिरा है। जल्द ही बैरिकेडिंग कराई जाएगी। नहर का पानी कम होने पर पुल का प्रस्ताव बना कर भेजा जाएगा।