गाजीपुर। केंद्रीय गृह मंत्री ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी पर हिंदू आतंकवाद फैलाने का निंदनीय आरोप लगाकर संपूर्ण हिंदू समाज को अपमानित करने का घृणित कार्य किया है। संघ और भाजपा के कैंपों में आतंकी प्रशिक्षण दिए जाने की बात कहकर उन्होंने जहां एक ओर भारत के खिलाफ निरंतर क्रियाशील आतंकवादी गुटों का मनोबल बढ़ाया है। वहीं दूसरी ओर भारत के बहुसंख्यक समाज की भावनाओं को गहरा आघात पहुंचाया है। उक्त बातें भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधान परिषद सदस्य प्रो. बाबूलाल बलवंत ने जारी एक विज्ञप्ति में कही। उन्होंने गृहमंत्री के बयान की निंदा करते हुए कहा कि गृहमंत्री को चाहिए कि वे राष्ट्र और बहुसंख्यक हिंदू समाज के हित में अपना बयान वापस लें। यदि ऐसा नहीं हुआ तो उनके बयान को ढाल बनाकर आतंकवादी देश को नुकसान पहुंचाएंगे।
वहीं दूसरी ओर कासिमाबाद में भाजपाइयों ने बुधवार को चौक पर गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे के बयान से क्षुब्ध होकर उनका प्रतीकात्मक पुतला फूंका। वक्ताओं ने कहा कि शिंदे की बयान का हम निंदा करते है। उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। इस मौके पर मोती बिंद, जवाहरलाल गुप्ता, रामा सिंह, देवेंद्र सिंह, दामोदर राजभर, इंद्रदेव सिंह, अमित, लल्लन राजभर, मणिकांत, पुष्पेंद्र आदि लोग मौजूद थे।