गाजीपुर। कृषि निवेश केंद्र बड़ीबाग पर हरितक्रांति योजना में चयनित ग्रामों के किसानों को सदर विधायक विजय मिश्र ने बीज वितरण कर योजना का शुभारंभ किया। इस मौके पर तलवल, अगस्ता, फतेउल्लहपुर आदि ग्रामों के किसानों को बीज प्रदान किया गया।
श्री मिश्र ने कहा कि कृषकों को हर सुविधा मुहैया कराने का उनके तरह से प्रयास किया जाएगा। तकनीकी सहायक मृत्युंजय सिंह ने योजनाअंतर्गत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। अपर जिला अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने विधायक का स्वागत किया। इस मौके पर ओंकार राय, अशोक सिंह, ओमप्रकाश वर्मा आदि मौजूद थे। संचालन पूर्व विषय वस्तु विशेषज्ञ दीपनरायण राय ने किया। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार सलेमपुर बीज गोदाम पर रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम में हरिक्रांति योजना में चयनित ग्रामों के किसानों को विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी ने बीज वितरण करके योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राजापुर, खेमपुर, बालापुर एवं सिलाइच ग्रामसभा के किसानों को बीज प्रदान किया गया। 24 रुपये 50 पैसे मूल्य वाले बीज को चार रुपये 50 पैसे लेकर किसानों को दिया गया। इससे 20 रुपये प्रति किलोग्राम सरकार अनुदान दे रही है।
विधायक श्री अंसारी ने कहा कि किसान नई तकनीकों एवं उत्तम बीज का प्रयोग कर अपनी फसल का उत्पादन बढ़ा सकते हैं। कहा कि हरितक्रांति योजना में हमारी विधानसभा के काफी ग्रामों का चयन किया गया। इसमें किसानों को अनुदान वाला बीज उपलब्ध कराया जाएगा। अगर किसी को बीज मिलने में दिक्कत होती है तो वे इसकी शिकायत हमसे कर सकते हैं। उन्हें हर प्रकार का सुविधा उपलब्ध कराने का मैं पूरा प्रयास करूंगा। तकनीकी सहायक शिशिरकांत सिंह ने बताया कि सीड ड्रील से बुआई करने पर किसानों को सरकार की तरफ से प्रति हेक्टेयर एक हजार रुपये अनुदान दिया जाएगा और खर-पतवार नाशी के रूप में सफ्लोसल्यूरान प्रदान किया जाएगा। इस मौके पर तकनीकी सहायक पारसनाथ, सहायक विकास अधिकारी रामकेवल राम, बीज गोदाम प्रभारी हरीश पांडेय, कौएद के प्रादेशीक सचिव बलिराम पटेल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय यादव, शकील रजा, प्रदीप कुमार आदि उपस्थित थे।