गाजीपुर। बीएससी कृषि चतुर्थ साल के चौथे प्रश्न पत्र में फेल हुए छात्र सोमवार को पीजी कालेज कार्यालय पर भूख हड़ताल पर बैठ गए। उनकी मांग है कि इस प्रश्नपत्र का फिर से मूल्यांकन किया जाय। इसको लेकर वह पहले भी पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र भेज चुके हैं तथा कालेज के प्राचार्य और जिलाधिकारी से गुहार लगा चुके हैं। छात्रों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं र्हुइं तो आठ अगस्त से वह बेमियादी भूख हड़ताल करेंगे।
इस मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए छात्रों ने कहा कि इस साल बीएससी कृषि चतुर्थ वर्ष के चौथे प्रश्न पत्र में करीब 80 फीसदी छात्रों को फेल कर दिया गया है। हर ओर से सिर्फ आश्वासन मिलने पर उन्होंने आज से भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी थी। बीएससी कृषि के छात्र अमृत सिंह ने कहा कि हम बार बार यह मांग कर रहे हैं लेकिन कालेज प्रशासन की उदासीनता के कारण नहीं हो पा रहा है। विवेक पांडेय ने कहा कि हम गांधीवादी तरीके से न्याय की लड़ाई लड़ते रहेंगे। भूख हड़ताल पर बैठने वालों में शाहिद शेख, राहुल, उर्मिला, सत्येन्द्र, धर्मेन्द्र, जितेन्द्र, अकरम, विनोद, सुशील, विष्णु प्रताप, रणधीर, अजीत आदि मौजूद रहे।