गाजीपुर। पारा-कासिमाबाद मार्ग की जर्जर सड़क को बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 35 करोड़ रुपये का स्टीमेट तैयार किया है। इसके साथ ही कासिमाबाद सिधागरघाट मार्ग पर भी स्टीमेट तैयार किया जा रहा है। दोनों मार्गों के निर्माण को लेकर शासन गंभीर है। संभावना जताई जा रही है कि बरसात से पहले सड़क का निर्माण शुरू हो जाएगा।
बता दें कि इस समय जिले की सबसे खराब सड़कों में कासिमाबाद-सिधागरघाट एवं पारा-कासिमाबाद मार्ग शुमार है। इस मार्ग में अगर कुछ है तो सिर्फ गड्ढे। इस मार्ग के निर्माण को लेकर क्षेत्रीय जनता ने कई बार जिले के अधिकारियों के साथ ही क्षेत्रीय विधायक से शिकायत की थी। फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। यहां तक की कासिमाबाद के जिला पंचायत सदस्य अनुराग सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पत्र लिखकर सड़क निर्माण की मांग की थी। अब जहूराबाद की विधायक शादाब फातिमा ने लोक निर्माण मंत्री को पत्र लिखकर सड़क के निर्माण पर ध्यान देने की गुजारिश की है। इधर लोक निर्माण विभाग सीडी वन के अधिशासी अभियंता आरसी राम ने शासन के निर्देश पर कासिमाबाद सिधागरघाट एवं पारा कासिमाबाद मार्ग के निर्माण को लेकर स्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया है। इसके लिए उन्होंने सड़क का निरीक्षण भी किया। उन्होंने सड़क की मरम्मत की सभी संभावनाओं को सिरे से खारिज कर दिया है। कहा कि दोनों सड़कों में इतने गड्ढे हैं कि सड़क की मरम्मत नहीं हो सकती। इसकी जानकारी देते हुए अधिशासी अभियंता आरसी राम ने बताया कि दोनों सड़कों का निर्माण कराने के लिए स्टीमेट तैयार कर लिया गया है। जहूराबाद की विधायक शादाब फातिमा ने बताया कि सड़क का निर्माण कराने के लिए जल्द ही शासन को स्टीमेट भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन से बजट स्वीकृत होने पर तत्काल कार्य शुरू कराया जाएगा।