गाजीपुर। शहर कोतवाली के फुल्लनपुर गांव में बुधवार को एक अपहृतमहिला को घर में छिपाए जाने के शक में दबंगों ने एक व्यक्ति के मकान में घुसकर जमकर तांडव किया। परिजनों की पिटाई करते हुए दबंगों ने तोड़फोड़ की। दो बाइक क्षतिग्रस्त कर पथराव भी किया गया। बचाव में लिए दूसरे पक्ष की ओर से फायरिंग की गई। इस दौरान गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठी भांजकर दबंगों को खदेड़ा। इस दौरान पांच लोग गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुहम्मदाबाद निवासी कमला सिंह का फुल्लनपुर में मकान है, जिसमें उनका पुत्र पंकज सिंह किराएदारों के साथ रहता है। बीते 30 अप्रैल की रात को फुल्लनपुर निवासी संतोष बिंद की पत्नी मीरा देवी रहस्यमय हालत में लापता हो गई। इस मामले में संतोष की ओर से कोतवाली में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस अभी तक उसकी पत्नी का पता नहीं कर पाई है। बुधवार को पंकज सिंह के मकान में अपहृत महिला को छिपाए जाने के शक में संतोष के साथ करीब 15-20 की संख्या में युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर पंकज के मकान पर धमक पड़े। युवक जबरन उसके घर में घुस गए। विरोध करने पर घर के अंदर मौजूद महिलाओं की पिटाई शुरू कर दी। यही नहीं दरवाजे पर खड़ी दो बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हमलावरों ने पथराव भी किया। इसपर घर में मौजूद पप्पू पांडेय और कौशल मिश्रा ने हमलावरों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन हमलावर शांत नहीं हुए तो बचाव के लिए उनके द्वारा हवाई फायरिंग की गई। फायरिंग होते ही हमलावर और उग्र हो गए और उन्होंने तांडव उपद्रव करना शुरू कर दिया। इसकी सूचना पर सीओ मुकेशचंद्र मिश्रा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो हमलावरों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने लाठियां भांजते हुए उन्हें दूर तक खदेड़ा। इस दौरान पांच हमलावर गिरफ्तार कर लिए गए। सीओ ने बताया कि इस मामले में पांच आरोपियों को नामजद दर्ज करते हुए 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।