गाजीपुर। वेतन बढ़ोत्तरी तथा वेतन विसंगति को दूर करने सहित अन्य मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर बुधवार को जिले भर के राष्ट्रीयकृत बैंकों में कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। हड़ताल की वजह से नगर और देहात क्षेत्रों में मौजूद राष्ट्रीयकृत बैंकों की करीब 180 शाखाओं में ताले लटके रहे। बैंक कर्मियों ने प्रदर्शन कर जहां अपने हक के लिए हुंकार भरी वहीं नाराजगी जताने के लिए वित्तमंत्री अरुण जेटली का पुतला फूंककर नारेबाजी की। सरकार पर दबाव बनाने के लिए बैंकों ने बुधवार को एटीएम भी बंद रखे। इससे एटीएम से लोग निराश होकर लौट गया।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत बुधवार को नगर सहित देहात क्षेत्रों में स्थित राष्ट्रीयकृत बैंक शाखाओं पर कर्मी एकजुट हुए। उन्होंने बैंक शाखाओं के मुख्य गेट पर ताला जड़कर हड़ताल कर दी। कर्मियों ने अपने हक के लिए हुंकार भरते हुए देर दोपहर तक प्रदर्शन किया। जिले की अग्रणी बैंक यूनियन बैंक आफ इंडिया के महुआबाग स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर एकजुट हुए कर्मियों ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए विरोध सभा की। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के जिलाध्यक्ष एवं यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन के सचिव जितेंद्र शर्मा कहा कि बैंक कर्मियों का शोषण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यूएफबीयू के द्वारा वेतन पर्ची में केवल 23 फीसदी बढ़ोत्तरी की मांग है लेकिन इंडियन बैंक एसोसिएशन सिर्फ 11 फीसदी वेतन बढ़ोत्तरी करने पर आमादा है। इसलिए मजबूरन हमलोगों को एक बार फिर आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा है। यदि समय रहते हमारी मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन और तेज होगा।
दोपहर बाद धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभी बैंक की शाखाओं पर हड़ताल खत्म कर दी गई। नगर के अलावा जिले के देहात क्षेत्रों जमानिया, मुहम्मदाबाद, जखनिया और सैदपुर तहसील क्षेत्र में स्थित राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखाओं पर भी हड़ताल रही। इसके चलते बैंकों में सभी कार्य पूरी तरह से ठप रहे। इन बैंक की शाखाओं पर भी तालेबंदी कर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान यूबीआई के मुहआबाग क्षेत्रीय कार्यालय पर मुख्य रूप से विक्रम सिंह, मुकेश कुमार, मो. तसौना अली नकी, कमलेश सिंह, गुलाब सिंह, चंदन, आशीष कुमार, रविकांत, रोहित कुमार सिंह, विनोद शर्मा, दिनेश कुमार, संतोष कुमार राय, श्वेता श्रीवास्तव, ममता कुमारी, कंचन, लल्ला राम आदि बैंक कर्मी मौजूद थे।