सैदपुर। एक दिसंबर को सिंधौना में आयोजित समाजवादी नेता स्व. रामकरन यादव की पुण्य तिथि एवं प्रतिमा अनावरण समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं। इसको लेकर सभास्थल पर बैरीकेडिंग तेज कर दी गई है। शनिवार को हेलीपैड के पास मौजूद पेड़ों की टहनियों की भी छंटाई की गई। डीएम ने गांव की मेड़ और खेतों का भ्रमण किया।
शनिवार को जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल और एसपी डा. उमेश चंद्र श्रीवास्तव ने अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ 10 बजे से दोपहर करीब दो बजे तक बैठक कर विचार विमर्श किया। ईशोपुर पहुंचे जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल ने 2 बजे तक विभिन्न पहलुआें पर आयोजक मंडल के प्रमुख लोगों और प्रशासनिक अमले के साथ अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग कई बार चर्चा की। यही नहीं कार्यक्रम में कहीं पर कोई चूक न हो, इसके लिए डीएम ने बंद कमरे मेें बैठक करने से लेकर प्रतिमा अनावरण स्थल, हेलीपैड, सभास्थल, मंच सहित गांव की मेड़ों और खेतों का भी भ्रमण किया। हेलीपैड से लगायत प्रतिमा अनावरण स्थल तथा मंच पर मौजूद रहने वाले लोगों के बारे में भी डीएम ने आयोजक समिति के प्रमुख डा. जय सिंह यादव एवं एमएलसी विजय यादव से मंत्रणा की। बाद में उन्हाेंने हेलीपैड पर संबंधित अभियंता से तैयारियाें और गुणवत्ता के बारे में जानकारी हासिल की। प्रतिमा स्थल पर तैयारियाें के क्रम में उन्हाेंने इंजीनियर पंकज सिंह यादव से कार्य प्रगति का जायजा लिया।
इस पर इंजीनियर ने रविवार तक काम पूरा करने की बात कही। बाद में जिलाधिकारी, एसपी की मौजूदगी में सभास्थल के सामने एनएच 29 के आवागमन के बाबत स्थानीय पुलिस क्षेत्राधिकारी बीबी शर्मा, उपजिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह तथा खानपुर थानाध्यक्ष दिलीप सिंह से चर्चा की। अंत में जिलाधिकारी ने तैयार हो रहे सभा स्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक की, जिसमें पुलिस अधीक्षक डा. उमेश चन्द्र श्रीवास्तव, तहसीलदार निखिलेश मिश्र, परियोजना निदेशक संतोष कुमार, बीडीओ संजय पांडेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एमपी सिंह मौजूद रहे।