गाजीपुर। पुलिस झंडा दिवस रविवार को मनाया गया। इस मौके पर पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डा. उमेशचंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि यह ध्वज हमारे प्रेरणा के साथ-साथ हममें नई ऊर्जा का संचार करता है। यह ध्वज हमारे लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि यह ध्वज हमें पुलिस धर्म को निभाने की प्रेरणा देता है। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण त्रिभुवननाथ त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी कमल किशोर, सीओ वेदप्रकाश सिंह, प्रतिसार निरीक्षक श्रीकांत पांडेय सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे। जमानिया संवाददाता के अनुसार, कोतवाली सहित तहसील क्षेत्र के विभिन्न थानों दिलदारनगर, गहमर, सुहवल, रेवतीपुर में थानाध्यक्षों की मौजूदगी में पुलिस झंडा दिवस ध्वजारोहण कर मनाया गया। इस दौरान स्थानीय कोतवाली में सीओ केजेड खां ने कहा कि कहानियां व्यक्तित्व को स्थापित करती है और इतिहास एक संगठन को बनाता है। 23 नवंबर 1952 उत्तर प्रदेश पुलिस संगठन में एक ऐतिहासिक दिन है। जब भारत के प्रथम प्रधानमंत्री की तरफ से उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस कलर (ध्वज) प्रदान किया गया था। यह ध्वज पुलिस के चरित्र को दर्शाता है। कहा कि ध्वजों का इतिहास नेपोलियन बोनापार्ट से जुड़ा हुआ है। युद्ध भूमि पर इस ध्वज के सामने सैनिक अपने आत्मबलिदान के लिए तत्पर रहते थे। उत्तर प्रदेश पुलिस का यह ध्वज हमें पुलिस धर्म को निभाने की प्रेरणा देता है। आज हम सद्जनों की रक्षा करने के लिए वर्दी धारण करते हैं। आज हम संकल्प लें कि हम जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के लिए कार्य करेंगे। उक्त मौके पर कोतवाल एएन सिंह, एसएसआई संजय त्रिपाठी, परमानंद यादव, धनंजय यादव, हीरालाल, आरबी सिंह आदि मौजूद थे।