दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के सरैला रोड स्थित एक सराफा की दूकान का शनिवार की रात चोरों ने शटर तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान एक सब्जी कारोबारी के शोर मचाने पर चोरों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। उसका उपचार स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की।
दिलदारनगर निवासी व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोपाल वर्मा की सरैला रोड स्थित हाजी एनुद्दीन खां के कटरे में सराफा की दूकान है। रोज की तरह शनिवार की देर शाम वह दूकान बंदकर घर चले आए। देर रात चोर दूकान का शटर चाड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद सामानों को समेटने लगे। तभी खटपट की आवाज सुनकर कुछ दूरी पर सो रहे जमानिया कोतवाली के तियरी गांव निवासी सब्जी कारोबारी भजुराम प्रसाद वर्मा की नींद टूट गई। उसने देखा कि सराफ की दूकान के पास कुछ युवक खड़े हैं। वह दूकान पर पहुंचा और चोरों से पूछताछ करने लगा। इस पर चोरों ने उस पर तमंचे की मुठिया से प्रहार कर जमकर पिटाई कर दी। वह शोर मचाने लगा। उसकी आवाज सुनकर दूकान में घुसे चोर बाहर निकल आए और भागने लगे। कारोबारी की आवाज सुनकर मौके की तरफ अन्य लोग दौड़ पड़े। जब तक लोग वहां पहुंचते, चोर भाग चुके थे। लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी दूकान मालिक को दी। जानकारी होने पर सराफ ने पुलिस को अवगत कराते हुए दूकान पर पहुंचा। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यक्ति से पूछताछ करने के बाद मामले की छानबीन की। घायल सब्जी कारोबारी का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया। थानाध्यक्ष टीबी सिंह का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर चोरी के प्रयास का मामला दर्जकर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी। उधर, चोरी के प्रयास को लेकर सराफा कारोबारियों में रोष है। उनका आरोप है रात में पुलिस गश्त करने के बजाय आराम फरमाती है। इसी का परिणाम है कि चोरों ने यह दुस्साहस किया। उनका कहना है कि अगर पुलिस 24 घंटे के अंदर चोरों को गिरफ्तार नहीं करती है तो वे लोग दूकानें बंदकर आंदोलन करने के बाध्य होंगे।