गाजीपुर। जखनिया तहसील में धोखाधड़ी से बैनामा कराने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित भूमि मालिक लालता यादव निवासी रसूलपुर सुजनीपुर ने न्याय के लिए शासन-प्रशासन से गुहार लगाई है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए भुड़कुड़ा पुलिस को तहरीर भी दी है।
पीड़ित का आरोप है कि रसूलपुर गांव में उसकी ढाई बिस्वा जमीन है। उक्त भूमि का फर्जी बैनामा जखनिया तहसील में 20 मई 2014 को कराया गया है। उसने जमीन बेची ही नहीं है। फर्जी दस्तावेज की जांच पड़ताल करने से पता चला है कि फर्जी बैनामे के दस्तावेज में क्रेता की फोटो की जगह अन्य व्यक्ति का फोटो और हस्ताक्षर बनाया गया है। उक्त फोटो की पहचान भी कर ली गई है। पता यह भी चला है कि फर्जीवाड़े के इस खेल में एक शिक्षक ने भी अहम भूमिका निभाई है। पीड़ित का कहना है कि इस मामले मेें भुड़कुड़ा पुलिस को चार नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। यदि मुकदमा दर्जकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें उक्त भूमि से बेदखल नहीं किया गया तो वह परिवार सहित आंदोलन करेंगे। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष भुड़कुड़ा दुर्गेश्वर मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है। पूरे प्रकरण की जानकारी एसडीएम जखनिया को दी गई है। एसडीएम ने दस्तावेज की जांचकर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।