गाजीपुर। विभिन्न समस्याओं के निराकरण तथा अपने हक को पाने के लिए मंगलवार को नारी संघ के बैनर तले जुटी सैकड़ों महिलाओं ने सदर ब्लाक का घेराव कर प्रदर्शन और नारेबाजी की। उनका कहना था कि मनरेगा में महिलाओं को न तो काम दिया जा रहा है और न ही उनका भुगतान किया जा रहा है। राशन वितरण में भी घोर अनियमितता बरती जा रही है। प्रदर्शन के दौरान बीडीओ के नहीं मिलने पर महिलाएं दोबारा आंदोलन की धमकी देते हुए वापस लौट गईं।
अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को नारी संघ की जिलाध्यक्ष नन्हकी देवी की अगुवाई में सदर ब्लाक की सैकड़ों महिलाएं सदर ब्लाक मुख्यालय पर पहुंची। इसके बाद प्रदर्शन करते हुए ब्लाक कार्यालय का घेराव कर लिया। उनका कहना था कि विकास खंड सदर में ग्रामीण महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम के तहत नारी संघ 40 ग्राम पंचायतों में भोजन का अधिकार, काम का अधिकार, स्वास्थ्य का अधिकार तथा शिक्षा का अधिकार को लेकर पहल कर रही है। यही नहीं गांवों में खुली बैठक कराने की भी पहल की जा रही है लेकिन न तो खुली बैठकें आयोजित की जा रही हैं और न ही महिलाओं को काम ही दिया जा रहा है। ग्राम पंचायत डिलिया, खिदिराबाद, बंजारीपुर, विद्यापारा, मुहवारी, कटैला, बिराईच में मनरेगा मजदूरों द्वारा काम के लिए दिए जा रहे लिखित आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जा रहा है जबकि बंजारीपुर, बिशुनपुरु पिपरहीं, चौकिया में काम कर चुके मजदूरों को भुगतान तक नहीं दिया जा रहा है। कोटे की दुकानों पर राशन का मानक के अनुरूप वितरण भी नहीं किया जा रहा है। इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए लेकिन बीडीओ नहीं मिले। नारी संघ ने दोबारा ब्लाक कार्यालय का घेराव करने का अल्टीमेटम दिया है। घेराव करने वाली महिलाओं में नन्हकी देवी, मतिया देवी, रुक्मीना, रंभा देवी, संगीता देवी, प्रेमा देवी, मंती देवी, जिउती देवी, सोनिया, बुधिया आदि शामिल थीं।