भड़के हाथी ने ली महावत की जान
शादियाबाद (गाजीपुर) (सं.)। मलिकपुरा गांव में सोमवार की सुबह बेकाबू हाथी ने महावत को मार डाला। इस घटना से काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों ने हाथी को काबू में किया। पुलिस ने महावत का शव कब्जे में ले लिया। इसी हाथी ने बीते वर्ष जून में दुल्लहपुर के छपरी गांव में एक अन्य महावत असगर को भी मार डाला था।
मलिकपुरा गांव निवासी स्व. भगवान सिंह का हाथी घर पर बंधा था। सोमवार की सुबह करीब 10 बजे उसका महावत बसंत राजभर (30) आया और उसने हाथी को खोला। इसी दौरान किसी बात पर हाथी भड़क गया और उसने महावत को सूंड़ में लपेट कर पटक दिया। महावत की मौके पर ही मौत हो गई। भड़के हाथी ने आसपास मौजूद लोगों को दौड़ाना शुरू कर दिया। बचने के लिए लोग इधर-उधर भागते रहे। लोगों की सूचना पर वन विभाग के एसडीओ केवल प्रसाद तिवारी तथा शादियाबाद थानाध्यक्ष हरेराम मौर्या सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने पुलिस और ग्रामीणों की मदद से हाथी को काबू में किया।