सुहवल। नौ माह पूर्व सुहवल थाना क्षेत्र के उतरौली गांव के पास से चालक और खलासी को नशीला पदार्थ खिलाकर ट्रक लूटने के मुख्य आरोपी को रविवार की रात क्राइम ब्रांच और सुहवल पुलिस की टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाश पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित था। उसके पास से चोरी की बाइक, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा भी बरामद हुआ है। पकड़े गए इस इनामी का पूर्वांचल के कई जिलों में नेटवर्क है।
पुलिस आफिस में हुई पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक डा. उमेशचंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बीते वर्ष 31 जून 2013 को सुहवल थाना क्षेत्र के उतरौली गांव के पास ट्रक चालक सुनील कुमार चौधरी तथा खलासी मनीष कुमार पासवान मानी गोदाम बिहार से चावल का कना लादकर रायबरेली जा रहे थे। इसी बीच सफारी पर सवार बदमाशों ने उतरौली गांव के पास ट्रक को रोक लिया था। बदमाश चालक और खलासी को नशीला पदार्थ सूंघाकर ट्रक लूटकर भाग गए थे। इस मामले में रोहतास (बिहार) के ट्रक मालिक नंद बिहारी ने सुहवल थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ट्रक बरामद कर लिया था जबकि गिरोह का सरगना धर्मेंद्र जायसवाल फरार था। फरार बदमाश पर डीआईजी ने 15 हजार का इनाम घोषित किया था। रविवार को क्राइम ब्रांच और सुहवल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ताड़ीघाट के पास घेरेबंदी कर बाइक से भाग रहे इस लुटेरे को दबोचने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायर झोंक दिया। लेकिन फिर भी वह पुलिस से बचने में नाकाम रहा। तलाशी लेने पर उसके पास से बगैर नंबर की एक चोरी की बाइक, 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा भी बरामद कर लिया।
एसपी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी अंतरप्रांतीय ट्रक लुटेरा गैंग का सरगना और मास्टरमाइंड है। वह वाराणसी के फूलपुर क्षेत्र का रहने वाला है। उसकेे द्वारा चालक और खलासी को नशीला पदार्थ खिलाकर ट्रक लूटकांड को अंजाम दिया जाता रहा है। अपने साथियों के साथ वह उत्तर प्रदेश के वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश सहित अन्य प्रांतों में ट्रक लूट की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इस कामयाबी पर पुलिस टीम को डीआईजी की ओर से 15 तथा एसपी की ओर से 5 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।