गाजीपुर। थाना क्षेत्र के देवा रेलवे फाटक के पास रविवार की शाम गोली मारकर की गई बीडीसी आनंद बिहारी की हत्या के मामले में फरार आरोपियों को अभी तक पुलिस पकड़ नहीं सकी है। इसको लेकर मृतक के परिवारीजन काफी सकते में हैं और अपने आपको असुरक्षित भी महसूस कर रहे हैं।
रविवार की शाम को दुल्लहपुर के नसीरपुर जीवन गांव निवासी बीडीसी आनंद बिहारी की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह दुल्लहपुर सेे खरीदारी कर अपने घर वापस जा रहा था। इस मामले में मृतक के पिता की ओर से संत बूला पीजी कालेज के प्रबंधक तथा जखनिया ब्लाक प्रमुख के प्रतिनिधि छोटू यादव, पारस यादव, खेदू यादव, यशवंत यादव तथा रामदुलार यादव के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है लेकिन अभी तक पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष दुल्लहपुर रामसिंह का कहना था कि आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। आरोपी जल्द ही पकड़े जाएंगे।