गाजीपुर। सर्दी बढ़ने के साथ ही भले पुलिस सुस्त हो गई है लेकि न चोरों की सक्रियता काफी बढ़ गई है। रोजाना कहीं न कहीं ताले चटक रहे हैं । रविवार की रात दिलदारनगर और नंदगंज में चार जगहों पर चोरी की घटनाओं ने पुलिस चौकसी की पोल खोल दी।
दिलदारनगर संवाददाता के अनुसार रविवार की रात दो स्थानों पर चोरियां हुई जिसमें लाखों का सामान गायब हो गया। क्षेत्र के उसिया बाजार में एक अवकाश प्राप्त सैनिक उमाशंकर गुप्त के घर के पिछवाड़े से चोर प्रवेश कर गए। घर के सदस्य एक कमरे में सोए हुए थे। चोरोें ने बाहर से उस कमरे को बंद कर दिया। उसके बाद अन्य कमरों की कुंडी तोड़ आलमारी और अटैची में रखे तीस हजार नगद, सोने-चांदी के गहने, घड़ी, एटीएम कार्ड आदि लेकर गायब हो गए। घटना की जानकारी परिजनों को सुबह हुई जब बंद कमरे से वह शोर मचाने लगे। पास-पड़ोस के लोगों ने उनका कमरा खोला। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। इसी प्रकार दूसरी चोरी की घटना दिलदारनगर गांव स्थित रजा आटो सेल्स में हुई। चोरों ने पिछले दरवाजे का ताला तोड़ दिया तथा अंदर घुस गए। इसके बाद दुकान में रखा सात बैटरी सहित अन्य सामान उठा ले गए। घटना की जानकारी सुबह हुई जब संचालन रजा खां दुकान खोलने पहुंचे। इस घटना की भी जानकारी पुलिस को लिखित रूप में दे दी गई है। बता दे कि गत 25 दिसंबर को दिलदारनगर गांव के पूर्व प्रधान सलाहुद्दीन खां उर्फ सल्लू तथा गयासुद्दीन खां के घर भी चोरियां हुई थी।
उधर, नदगंज संवाददाता के अनुसार बाजार के गांधी कटरा में रविवार की रात में चोरों ने एक-एक कर तीन दुकानों के ताले तोड़ डाले तथा हजारों के सामान गायब कर दिया। चोरों ने पहले संतोष जायसवाल के जनरल स्टोर का शटर तोड़ा। उसमें रखे पांच हजार रुपए नगद तथा पंद्रह हजार रुपए का सामान उठा ले गए। इसके बाद पास की ही दीपक प्रजापति की मोबाइल की दुकान का भी ताला तोड़ कर पांच हजार नगद, कई नए मोबाइल तथा हजारों रुपए के रिचार्ज कूपन उठा लिया। इसके बाद चोरों ने अगला निशाना एक मेडिकल की दुकान को बनाया। शबी अहमद की मेडिकल स्टोर में ताला तोड़ कर घुसे चोरों ने एक हजार नगद तथा कुछ टानिक आदि उठा ले गए। इसी क्रम में चोरों ने अगला निशाना शादियाबाद मोड़ पर स्थित अजय सेठ की दुकान को बनाया। वहां उन्होंने लंबा हाथ मारा। शटर तोड़कर घुसे चोर यहां से सात हजार नगद, सोने एवं चांदी के जेवरात आदि उठा ले गए। सभी घटनाओं की जानकारी दुकानदारों को सुबह उस समय हुई जब वह अपनी दुकान खोलने पहुंचे। सभी चोरियों की सूचना नंदगंज थाने पर दे दी गई है। एक ही रात हुई ताबड़तोड़ घटनाओं से व्यापारियों में दहशत व्याप्त है।